
जबलपुर में एक युवक की हत्या के बाद शव को 6 टुकड़ों में काटकर फेंकने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने शव के टुकड़ों को कीचड़ से भरे गड्ढे में फेंक दिया था। शव का सिर और हाथ नहीं थे। रिस्टबैंड पर लिखे महाकाल से युवक की पहचान हुई। पुलिस ने जांच के बाद पिता-बेटे समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना 13 मई को गोहलपुर थाना क्षेत्र की कृष्णा कॉलोनी की है। नंदन विहार, त्रिमूर्ति नगर स्थित एक खाली मैदान में बदबू की शिकायत पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी थी। पुलिस को कीचड़ में दबा हुआ शव मिला, जो 6 हिस्सों में कटा हुआ था। शव का सिर और एक हाथ नहीं मिला था, जिससे पहचान मुश्किल हो गई थी।
रिस्टबैंड और टैटू से हुई पहचान
शव की शिनाख्त में पुलिस को अहम सुराग मिला। मृतक के दाहिने हाथ पर अंग्रेजी में ‘MANJU PARAM’, अंगूठे के पास ‘पायल’ और पंजे पर ‘M.P’ गुदा हुआ था। इसके अलावा हाथ में काले रंग का रिस्टबैंड था, जिस पर ‘महाकाल’ लिखा था।
पोस्टमॉर्टम के दौरान पता चला कि मृतक के पैर में पहले से लोहे की रॉड लगी थी। इन सभी सुरागों के आधार पर मृतक की पहचान परम सिंह गौंड ठाकुर (40), निवासी पुरानी बस्ती, पटेल मोहल्ला कजरबारा, थाना गोरा बाजार के रूप में हुई।
जमीन विवाद को लेकर की हत्या
पुलिस जांच में सामने आया कि हत्या पुरानी रंजिश और जमीन के विवाद को लेकर की गई थी। तीनों आरोपियों- राकेश कटारिया (50), उसका बेटा सोहेल कटारिया (23), निवासी त्रिमूर्ति नगर और राजवीर सिंह (30), निवासी अन्ना बस्ती, केंट थाना क्षेत्र ने मिलकर हत्या की साजिश रची और फिर बेरहमी से वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य, CCTV फुटेज और मुखबिर की मदद से आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
