
दमोह में सीता नगर सिंचाई परियोजना का निरीक्षण करने गए सांसद राहुल सिंह लोधी और प्रशासनिक अधिकारियों पर मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। गुरुवार सुबह 11 बजे डैम के पास मधुमक्खियों के अचानक हमले से अफरा-तफरी मच गई। सांसद समेत सभी लोगों को बचाव के लिए भागना पड़ा।
हमले में सभी को एक-दो डंक लगे, लेकिन कोई गंभीर स्थिति नहीं बनी। सांसद लोधी ने कहा कि सिंचाई परियोजना का काम समय पर पूरा होना चाहिए। उन्होंने बताया कि यह परियोजना मार्च 2026 तक पूरी होगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इसका उद्घाटन करेंगे।
600 करोड़ रुपए की लागत से बन रही सीता नगर सिंचाई और जल आपूर्ति परियोजना से लगभग 100 गांवों को लाभ मिलेगा। इससे पीने का पानी और खेतों की सिंचाई के लिए पर्याप्त जल उपलब्ध होगा। किसान साल में तीन फसलें उगा सकेंगे। इससे क्षेत्र में कृषि का विकास होगा।
सांसद ने कहा कि वे काम की प्रगति देखने फिर आएंगे। कमियों को दूर किया जाएगा। मधुमक्खियों के हमले के बारे में उन्होंने कहा कि सभी नौजवान और ऊर्जावान हैं, इसलिए कोई नुकसान नहीं हुआ।
