
सागर के रहली में सड़क दुर्घटना में मूकबधिर की मौत हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा बनाया। रविवार को शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिवार वालों को सौंपा गया है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर मामला जांच में लिया है।
पुलिस के अनुसार, पंकज पिता कलू बाल्मिकी (30) निवासी पंडलपुर वार्ड रहली शनिवार की देर रात बड़े पुल से होते हुए पैदल जा रहा था। तभी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर में पंकज गंभीर घायल हुआ। सिर, पेट और पैर में गंभीर चोटें आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर अस्पताल पहुंचाया।
पंकज के भाई विजय बाल्मिीकी ने बताया कि हम लोग 6 भाई थे। पंकज तीसरे नंबर का था। वह सुन और बोल भी नहीं सकता था। शनिवार रात बड़े पुल के पास पंकज पड़ा हुआ था। सूचना मिलते ही हम लोग मौके पर पहुंचे। जहां पंकज के सिर, पैर, हाथ में गंभीर चोटें लगी थी। उसकी मौत हो चुकी थी। रहली पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज किया है। दुर्घटना कर भागे वाहन की तलाश की जा रही है।
