
सागर में जैसीनगर थाना क्षेत्र के ग्राम सागौनी पुरैना में किसान के घर में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा घर चपेट में आ गया। ग्रामीणों ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान घर में रखा सारा सामान, अनाज, गहने और खेती के उपकरण जलकर राख हो गए।
किसान प्रदीप सिंह राजपूत ने बताया कि उनका परिवार घर के बगल वाले कमरे में सो रहा था। मंगलवार-बुधवार रात करीब 1:30 बजे अचानक घर के एक हिस्से से आग की लपटें उठती दिखीं। शोर सुनकर गांव के लोग जमा हुए और घरों से पानी लाकर आग बुझाने में जुट गए।
कच्चा मकान होने से आग तेजी से फैली
घर कच्चा होने के कारण आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया। दमकल पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों ने आग पर काबू पा लिया, लेकिन तब तक गृहस्थी, अनाज, जेवर और उपकरण पूरी तरह जल चुके थे।
4 लाख से ज्यादा का नुकसान
किसान के मुताबिक आग में सोने-चांदी के जेवरात, फर्नीचर, अनाज और खेती के औजार जल गए। अनुमानित नुकसान 4 लाख रुपए से ज्यादा का बताया गया है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटनाक्रम की जानकारी मिलते ही जैसीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। आगजनी की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है।