
दमोह जिले के मुठिया तिराहा और मुड़र के बीच सड़क किनारे खड़ी ट्रॉली से बाइक सवार तीन लोग टकरा गए। हादसे में 30 वर्षीय हमीद की मौत हो गई। दो अन्य लोग 45 वर्षीय फिरोज और 12 वर्षीय इमरान घायल हो गए।
नोहटा थाना पुलिस के मुताबिक, जबलपुर स्टेट हाईवे पर घटना उस समय हुई, जब एक ट्रैक्टर का पहिया पंक्चर होने के कारण ट्रॉली को सड़क किनारे खड़ा किया गया था। इसमें गिट्टी और लोहे की सरिया लदी थी। ट्रैक्टर चालक पंक्चर बनवाने गया था। इसी दौरान पीछे से आ रही बाइक ट्रॉली से टकरा गई।
स्थानीय लोगों के पहुंचने तक तीनों व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो चुके थे। हमीद ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
नोहटा थाने के प्रधान आरक्षक धर्मेंद्र दुबे टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शव का पंचनामा और पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ट्रैक्टर चालक की पहचान कर मामला दर्ज करने की कार्रवाई कर रही है।