
रीवा के सेमरिया थाना क्षेत्र के हिनौता गांव में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में झड़प हो गई। विवाद के दौरान एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर गोली चला दी। गनीमत रही कि गोली जमीन में जा लगी और कोई हताहत नहीं हुआ। रविवार को हुई इस घटना का सीसीटीवी फुटेज सोमवार को सामने आया।
एडिशनल एसपी विवेक लाल ने बताया कि मामले में दोनों पक्षों से दो-दो आरोपी बनाए गए हैं। एक पक्ष से अरुणेंद्र पाठक और प्रत्युष, जबकि दूसरे पक्ष से राजेश कुमार सिंह और विकास कुमार सिंह को आरोपी बनाया गया है।
दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। रविवार को हुए विवाद में एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर बंदूक से गोली चलाकर जानलेवा हमला करने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद लोगों ने बंदूक लिए शख्स को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह विवाद करता रहा।
घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है।