
सागर जिले की बहेरिया थाना पुलिस ने लूट और चोरी के पुराने आरोपी सोनू अहिरवार को अवैध छुरा रखने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की कमर से धारदार बकानुमा छुरा जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार ग्राम रूसल्ला निवासी सोनू अहिरवार (24), जो फिलहाल ग्राम सिद्गुआ में रह रहा है, अवैध रूप से छुरा लेकर घूम रहा था। मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस टीम तत्काल रवाना हुई। सिद्गुआ में पुलिस को देख आरोपी भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। उसकी कमर से एक धारदार छुरा बरामद किया गया।
लूट, अड़ीबाजी, चोरी के कई केस दर्ज
थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह ने बताया कि सोनू अहिरवार एक आदतन अपराधी है। उस पर लूट, अड़ीबाजी और चोरी जैसे कई गंभीर अपराधों में केस दर्ज हैं। पुलिस उसकी गतिविधियों पर पहले से नजर रखे हुए थी। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया है।