
ग्राम कंदेला के जंगल में युवक की हत्या के मामले में जैसीनगर पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक महिला भी शामिल है। मृतक का महिला आरोपी से अवैध संबंध था। विवाद बढ़ने पर महिला ने अपने भतीजे, भाई और एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। सभी ने युवक को गांव बुलाकर जंगल में उसकी हत्या कर दी।
दरअसल, 28 जून को जैसीनगर पुलिस को सूचना मिली थी कि कंदेला के जंगल में एक व्यक्ति का शव पड़ा है। शव बुरी तरह सड़ चुका था और पहचान नहीं हो पा रही थी। पुलिस ने आसपास के थानों और जिलों में सूचना भेजी। बाद में शव की पहचान हल्के उर्फ भारत कुशवाहा निवासी भुरेरू, बेगमगंज के रूप में हुई। परिजनों ने कपड़े, अंगूठी और चांदी की चैन से शव की पहचान की। मृतक की गुमशुदगी पहले से बेगमगंज थाने में दर्ज थी।
हत्या की पुष्टि पोस्टमार्टम में हुई
पुलिस ने शव का पैनल पोस्टमार्टम बीएमसी सागर में कराया। रिपोर्ट में सामने आया कि युवक की हत्या सिर पर भारी वस्तु से वार, गला घोंटने और धारदार हथियार से पेट पर हमला करके की गई थी।
मुख्य आरोपी हिरासत में आने पर टूटा
जांच के दौरान पुलिस ने ग्राम कंदेला निवासी रोहित कुशवाहा को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने बताया कि मृतक भारत कुशवाहा का उसकी मौसी माया कुशवाहा से करीब दो साल से अवैध संबंध था। पिछले एक साल से दोनों के बीच विवाद हो रहे थे। भारत की ओर से बार-बार जबरदस्ती संपर्क, गाली-गलौज, मारपीट और धमकी से माया परेशान थी।
मौसी ने भतीजे और भाई से करवाई हत्या
रोहित ने बताया कि माया ने अपने भतीजे रोहित, भाई विष्णु पटेल और दोस्त गजब सिंह ठाकुर को भारत की हत्या के लिए उकसाया। 23 जून को माया ने भारत को मिलने के बहाने ग्राम कंदेला बुलाया। जहां पहले से छिपे तीनों आरोपियों ने उसे पकड़ लिया और जंगल में ले जाकर पत्थर से सिर पर वार किया, गमछे से गला घोंटा और कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी।
शिनाख्त छिपाने के लिए मोबाइल और पर्स हटाया
आरोपियों ने मृतक का मोबाइल छिपा दिया और पर्स को सड़क पर फेंक दिया ताकि पहचान न हो सके। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी और गमछा बरामद कर लिया है।
आरोपियों ने जुर्म कबूल किया
जैसीनगर थाना प्रभारी शशिकांत गुर्जर ने बताया, “हत्या के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। अवैध संबंधों के चलते हत्या हुई थी। पूछताछ में आरोपियों ने जुर्म कबूल कर लिया है। उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है।”