
पन्ना जिले के विक्रमपुर के जंगल में एक शख्स का शव संदिग्ध हालात में मिला है।
देवेंद्र नगर थाना पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में शव करीब 5 दिन पुराना लग रहा है। उसके दोनों हाथ पीछे बंधे हुए थे। पेड़ पर फांसी का फंदा बंधा हुआ था। वही फंदा युवक के गले में कसा था। शव जमीन पर बैठी हालत में है। इससे आशंका है कि उसकी हत्या कर शव को लटकाया गया है।
घटना की सूचना चरवाहों ने गांववालों को दी। इसके बाद पन्ना कोतवाली और देवेंद्र नगर थाना पुलिस पहुंची। पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर कब्जे में ले लिया। अभी मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। देवेंद्र नगर थाना पुलिस मृतक की शिनाख्त के प्रयास कर रही है।