
दमोह में शुक्रवार सुबह व्यारमा नदी में नहाने गई एक महिला को मगरमच्छ खींच ले गया। महिला को मगरमच्छ के जबड़े में जकड़ा देख लोगों ने शोर मचाया। करीब एक घंटे बाद महिला की लाश मिली। घटना कनिया घाट पटी गांव की है।
महिला की पहचान मालतीबाई (40) पति मेघराज सिंह के रूप में हुई है। ग्रामीण प्रहलाद सिंह का कहना है कि मालती एक सहेली के साथ सुबह करीब 6 बजे गई थी। सावन का पहला दिन है, इसलिए उनको जल भी लाना था। उसकी सहेली किनारे पर खड़ी थी। मालती डिब्बे में नदी से पानी भर रही थी, तभी मगरमच्छ ने उनके पैर को जबड़े में भर लिया। मगरमच्छ उनको खींचते हुए नदी के बीचोंबीच ले गया। नदी का बहाव तेज है, इसलिए लोग उसे बचा नहीं सके।
ग्रामीण ने बनाया वीडियो, एक घंटे बाद मिला शव
एक ग्रामीण ने घटना का वीडियो बना लिया। इस बीच सूचना मिलते ही वन विभाग और SDRF की टीम मौके पर पहुंची। करीब एक घंटे की सर्चिंग के बाद महिला का शव नदी के दूसरे छोर पर झाड़ियों में फंसा मिला। दमोह कलेक्टर सुधीर कोचर, एसपी श्रुतकीर्ति सोमवंशी और DFO ईश्वर जरांडे मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।
वन विभाग के मुताबिक व्यारमा नदी में मगरमच्छों की संख्या बढ़ने के कारण कई चिह्नित स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाए गए थे और मुनादी भी करवाई गई थी। इसके बावजूद लोग ऐसे स्थान तक जा रहे हैं।
