
पन्ना में आधार कार्ड सेवाओं की स्थिति पूरी तरह बिगड़ गई है। जिले के मुख्यालय पर सिर्फ दो आधार केंद्र चालू हैं, जिनमें से एक पोस्ट ऑफिस में संचालित हो रहा है। ये केंद्र सुबह 11 बजे से शाम 3 बजे तक सीमित समय के लिए खुले रहते हैं। इस दौरान सिर्फ 30 से 40 लोगों के ही आधार कार्ड बन या अपडेट हो पाते हैं।
सबसे गंभीर स्थिति तहसील स्तर पर है, जहां अधिकांश आधार केंद्र बंद पड़े हैं। इससे ग्रामीण और दूर-दराज के लोगों को मजबूरी में जिला मुख्यालय का रुख करना पड़ रहा है। शुक्रवार को ही सैकड़ों लोग अलग-अलग गांवों और कस्बों से आकर लाइन में लगे रहे।
अजयगढ़ से आए दीपक अहिरवार दो दिन से आधार अपडेट के लिए भटक रहे हैं। गुनौर के महेश चौधरी अपने बच्चों का आधार बनवाने के लिए सुबह से लाइन में खड़े हैं। पवई की चांदनी सिंह, जो स्कूल में आधार कार्ड जमा करना चाहती हैं, वह भी घंटों से लाइन में हैं।
सरकारी नियमों के मुताबिक हर नगर पालिका, लोक सेवा केंद्र और राष्ट्रीयकृत बैंकों में आधार केंद्र होना अनिवार्य है। लेकिन पन्ना जिले में यह व्यवस्था सिर्फ कागजों पर ही मौजूद है। यहां तक कि जिला मुख्यालय के लोक सेवा केंद्र में भी आधार सेवा बंद है।
इस बारे में जिला ई-गवर्नेंस प्रबंधक पंकज शिवहरे ने बताया कि पूरे जिले में कुल 67 आधार सुविधा केंद्र संचालित हैं। उनके अनुसार:
- अजयगढ़ में 16,
- अमानगंज में 7,
- गुनौर में 16,
- देवेन्द्रनगर में 6,
- पन्ना में 10,
- पवई में 5,
- रैपुरा में 3,
- सिमरिया में 3 केंद्र मौजूद हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि अगर लोगों को समस्याएं आ रही हैं तो जांच करवा कर जल्द सुधार करवाएंगे।