
सागर जिले के शाहगढ़ थाना क्षेत्र की हीरापुर पुलिस चौकी अंतर्गत शुक्रवार रात एक यात्री बस साठिया घाटी के पास पलट गई। बस में कुल 18 यात्री सवार थे। हादसे में एक यात्री की मौत हो गई, जबकि 17 घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।जानकारी के अनुसार, बस क्रमांक MP 21 P 0786 सिंग ट्रेवल्स की थी। शुक्रवार रात यह छतरपुर से यात्रियों को लेकर दमोह की ओर जा रही थी। हीरापुर के पास साठिया घाटी पर अचानक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
घटना की जानकारी मिलते ही हीरापुर चौकी प्रभारी अरविंद सिंह ठाकुर टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घायलों को एंबुलेंस की मदद से शाहगढ़ स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जांच के बाद डॉक्टरों ने एक यात्री को मृत घोषित कर दिया।
एक की मौत, एक का हाथ कटा, 7 गंभीर घायल
हादसे में बटियागढ़ निवासी दामोदर सिंह (उम्र 30 वर्ष) की मौत हो गई। वहीं, दमोह निवासी रमा असाटी का हाथ कट गया। उन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया है। बाकी घायलों में बड़ी बहू, सत्यराज तिवारी, लक्ष्मण अहिरवार, गणेश लोधी, शुभम तिवारी, वैजनाथ अहिरवार और अभिषेक मानक शामिल हैं। सात गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
पुलिस कर रही जांच
शाहगढ़ थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस अनियंत्रित होकर पलटी है। पुलिस हादसे के कारणों की पुष्टि के लिए ड्राइवर के बयान और तकनीकी पहलुओं की जांच कर रही है। अस्पताल में सभी घायलों का इलाज जारी है। प्रशासन ने यात्रियों के परिजनों को सूचना दे दी है।

