
सागर में जैसीनगर थाना क्षेत्र के ग्राम कनेरा गौंड में कुल्हाड़ी से हमला कर व्यक्ति की हत्या कर दी गई। मृतक जंगल में खून से लथपथ अवस्था में मिला था। जिसे परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की है।
जानकारी के अनुसार, गोरेलाल पिता रामसिंह कुर्मी उम्र 48 साल निवासी कनेरा गौंड बुधवार शाम गांव के पास जंगल में जानवर चराने के लिए गए थे। तभी किसी ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। गर्दन में चोट लगने से गोरेलाल की मौत हो गई। घटनाक्रम की सूचना पर पुलिस पहुंची और शव का पंचनामा बनाया। गुरुवार को शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया। शव परिवार वालों को सौंप दिया है। पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है।
परिजन का आरोप- विवाद के बाद हत्या की गई
मृतक के चचेरे भाई विनोद कुर्मी ने बताया कि भाई गोरेलाल कुर्मी शाम को जानवर चराने जंगल गए थे। करीब 6 बजे सूचना मिली कि जंगल में वह खून से लथपथ अवस्था में पड़े हैं। हम लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें निजी वाहन से अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टर ने चेकअप कर उन्हें मृत घोषित कर दिया। विनोद ने आरोप लगाते हुए कहा कि भाई गोरेलाल का जानवरों को लेकर गांव के ही रज्जन कुर्मी से विवाद हुआ था। उसने भाई को मारने की धमकी भी दी थी। इसी दौरान गोरेलाल जंगल में गए। तभी रज्जन ने गर्दन पर कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी है। मामले में पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।