
दमोह जिले के हटरी गांव से निकली ब्यारमा नदी में शुक्रवार सुबह एक और मगरमच्छ पकड़ा गया। वन विभाग ने मगरमच्छ को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया था। पिंजरे में मुर्गा और मछली रखी गई थी। गुरुवार-शुक्रवार की रात मगरमच्छ शिकार दबोचने के लिए पिंजरे में पहुंचा और फंस गया।
शुक्रवार सुबह ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अब इस मगरमच्छ को वन विहार भोपाल भेजने की तैयारी की जा रही है।
महिला का किया था शिकार
करीब 10 दिन पहले इसी गांव में ब्यारमा नदी किनारे पानी भर रही एक महिला को एक विशालकाय मगरमच्छ ने दबोच लिया था। मगरमच्छ उसे अपने जबड़े में फंसाकर गहरे पानी में ले गया था। इससे महिला की मौत हो गई थी। महिला का शव बाद में बरामद किया गया था।
घटना के अगले दिन वन विभाग ने उस मगरमच्छ को भी पकड़ लिया था। उसे भोपाल के वन विहार भेजा गया था। अब इसी नदी के किनारे से एक और मगरमच्छ पकड़ा गया है।
स्थान तय होने पर छोड़ दिया जाएगा
दमोह डीएफओ ईश्वर जराडे ने बताया कि इस दूसरे मगरमच्छ को वन विहार भोपाल भेजा जाएगा। वहां के अधिकारियों से बात की जा रही है। स्थान तय होते ही उसे वहां छोड़ दिया जाएगा।