
सागर जिले के बंडा न्यायालय में छेड़छाड़ और पॉक्सो एक्ट के तहत दोषी पाए गए आरोपी जितेंद्र यादव सजा सुनते ही कोर्ट से फरार हो गया। यह घटना सोमवार 29 जुलाई शाम करीब 4 बजे की है। कोर्ट स्टाफ और अधिवक्ताओं ने पकड़ने की कोशिश की, लेकिन आरोपी भागने में सफल रहा। बंडा पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम सेमरा रामचंद निवासी जितेंद्र पिता हाकम यादव को धारा 354, 452 और पॉक्सो एक्ट के तहत कोर्ट ने दोषी ठहराया था। फैसला सुनाने के दौरान वह न्यायिक अभिरक्षा में कोर्ट के कठघरे में खड़ा था। तभी उसने मौके का फायदा उठाया और कोर्ट मुंशी को धक्का देकर भाग गया।
स्टाफ और अधिवक्ताओं ने रोका, लेकिन नाकाम रहे
कोर्ट में मौजूद स्टाफ और कुछ अधिवक्ताओं ने उसे रोकने की कोशिश की। कोर्ट परिसर में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई, लेकिन जितेंद्र वहां से भाग निकलने में सफल रहा। घटना के बाद कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया।
रीडर ने दी थाने में शिकायत, केस दर्ज
बंडा न्यायालय में पदस्थ रीडर सरमन सिंह ने थाने में घटना की शिकायत दी। जिसके आधार पर बंडा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल, जिम्मेदारों पर उठी उंगलियां
न्यायालय परिसर से दोषी का इस तरह भाग जाना सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल है। घटना ने कोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। स्थानीय लोगों और अधिवक्ताओं ने जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है।