
पन्ना जिले के अमानगंज थाना क्षेत्र के ग्राम मझौली नयापुरा में एक दुखद घटना सामने आई है। घर के अंदर जमीन पर सो रही 30 वर्षीय महिला को सांप ने डस लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे की है।
गिरिजाबाई आदिवासी, पति धनीराम आदिवासी, अपने घर के अंदर जमीन पर सो रही थी। इसी दौरान विषैले सांप ने उसके कान में डस लिया। महिला ने अपने पति को जगाया और सांप पास में ही दुबका था।
परिजनों ने तुरंत महिला को अस्पताल ले जाने का प्रयास किया, लेकिन गांव में दलदलनुमा सड़क होने के कारण एम्बुलेंस या अन्य आपातकालीन वाहन गांव तक नहीं पहुंच सके। इसके चलते महिला को चारपाई पर सड़क तक लाना पड़ा, जिसमें लगभग 3 घंटे का समय लग गया।
सड़क से चार पहिया वाहन द्वारा महिला को जिला अस्पताल पन्ना पहुंचाया गया। लेकिन समय पर अस्पताल नहीं पहुंच पाने के कारण इलाज के दौरान ही महिला की मृत्यु हो गई।
शनिवार को महिला का पोस्टमार्टम कराया गया। शव को घर ले जाने के लिए भी परिजनों को लगभग 3 घंटे तक शव वाहन का इंतजार करना पड़ा। यह घटना ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं और बुनियादी सुविधाओं की कमी को दर्शाती है।
