
दमोह जिले के प्रसिद्ध तीर्थ क्षेत्र जागेश्वर धाम बांदकपुर में श्रावण के अंतिम सोमवार पर हजारों श्रद्धालु पहुंचे। सुबह 4 बजे मंदिर के पट खुलते ही भक्तों की भीड़ भोले बाबा के दर्शनों के लिए उमड़ पड़ी।
आखिरी सावन सोमवार को देखते हुए एसपी श्रुतकीर्ति सोमवंशी ने सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए हैं। बड़ी संख्या में पुलिस बल बांदकपुर में तैनात किया गया है। पुलिस लाइन से भी अतिरिक्त बल भेजा गया है। सीसीटीवी कैमरों से भी निगरानी की जा रही है।
सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए इस साल श्रावण के महीने में मंदिर के गर्भगृह में भक्तों का प्रवेश बंद कर दिया गया है। यह कदम पिछले साल हुई भगदड़ के कारण उठाया गया है। उस घटना में दो महिलाएं घायल हुई थीं।
सांसद ने पैदल पहुंचकर किया जल अर्पण
दमोह सांसद राहुल सिंह भी अपने गृह ग्राम हिंडोरिया से 9 किलोमीटर पैदल चलकर बांदकपुर पहुंचे। उन्होंने भोलेनाथ को जल अर्पण किया। सांसद ने भी आम श्रद्धालुओं की तरह गर्भगृह के बाहर से ही भगवान को जय अर्पित की। पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह के भाई सत्येंद्र सिंह भी कावड़ यात्रा लेकर पहुंचे।
सावन माह का अंतिम सोमवार 4 अगस्त 2025 को है। इस दिन सर्वार्थ सिद्धि योग का संयोग है। चंद्रमा अनुराधा नक्षत्र और चित्रा नक्षत्र से वृश्चिक राशि पर संचार करेगा। इस दिन ब्रह्म और इंद्र योग का संयोग भी रहेगा। यह भगवान शिव की पूजा के लिए बहुत शुभ माना जाता है।