
दमोह देहात थाना क्षेत्र के किशन तलैया इलाके में गुरुवार सुबह एक बरसाती नाले के पास नवजात मिली। मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने बच्चे के रोने की आवाज सुनी और पुलिस को सूचना दी।
जबलपुर चौकी के आरक्षक जालम सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने नवजात को तत्काल जिला अस्पताल के गहन शिशु चिकित्सा केंद्र में भर्ती कराया। अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि नवजात किसकी है। यह भी अज्ञात है कि उसे वहां कौन और कब छोड़ गया।
वरिष्ठ अधिकारियों को मामले की जानकारी दे दी गई है। उनके निर्देश पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। चिकित्सा केंद्र की स्टाफ नर्स के अनुसार नवजात की स्थिति नाजुक है। बच्ची का इलाज शुरू कर दिया गया है। डॉक्टरों को उम्मीद है कि नवजात का स्वास्थ्य जल्द ही बेहतर हो जाएगा।
प्रत्यक्षदर्शी गणेश प्रजापति ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ मॉर्निंग वॉक पर थे, तभी उन्हें नाले के पास एक बच्चे के रोने की आवाज आई। उनके साथ कुछ महिलाएं भी घूमने गई थी। उन्होंने बच्ची को उठाया पुलिस को सूचना दी और उसके बाद चौकी पहुंचे, वहां से बच्चे को जिला अस्पताल भिजवाया गया।