
रीवा में यातायात पुलिस की लापरवाही और नगर निगम की निष्क्रियता के चलते शहर में चार दिन से जाम की स्थिति बनी हुई है। नगर निगम अब तक सड़कों और चौराहों से दुकानदारों का अतिक्रमण नहीं हटा पाया है। वहीं यातायात पुलिस के सिपाही भी चौराहों पर पर्याप्त व्यवस्था नहीं कर पा रहे हैं।
खराब ट्रैफिक व्यवस्था का सबसे गंभीर असर मरीजों पर पड़ रहा है। लगातार एंबुलेंस जाम में फंस रही हैं। कई बार मरीजों को आधा-आधा घंटा जाम में इंतजार करना पड़ रहा है, जबकि उनके लिए हर मिनट कीमती होता है। ताजा मामला गुरुवार का है जहां एंबुलेंस काफी देर तक जाम में फंसी रही
शहरभर में जाम के हॉटस्पॉट
बीते चार दिनों से नया बस स्टैंड, पुराना बस स्टैंड, जय स्तंभ चौराहा, किला रोड, धोबिया टंकी, ढेकहा चौराहा, अमहिया पार्क, गुढ़ चौराहा समेत दर्जन भर जगहों पर भीषण जाम की स्थिति है। इससे लोग रोजाना परेशानी झेल रहे हैं।
त्योहारों को बताया कारण, कार्रवाई का भरोसा
डीएसपी हिमाली पाठक ने बताया कि त्योहारों के चलते शहर में यातायात का दबाव बढ़ा है। पुलिस द्वारा दबाव कम करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पहले भी कार्रवाई की गई है और आगे नगर निगम के साथ मिलकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी।