
दमोह के हृदयपुर क्षेत्र में बारिश के पानी की निकासी की समस्या से लोग परेशान हैं। रविवार दोपहर करीब 12 बजे को स्थानीय निवासियों ने सागर नाका चौकी के सामने दमोह-सागर स्टेट हाईवे पर जाम लगा दिया।
कई बार शिकायत के बाद भी कार्रवाई न करने का आरोप
नालियों का गंदा पानी सड़कों पर भर जाने से क्षेत्र में बीमारियां फैल रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बाद भी कोई समाधान नहीं मिला। पुलिस ने समझाने की कोशिश की। लेकिन लोगों ने जवाबदार अधिकारियों के आने तक जाम न हटाने की बात कही।
तहसीलदार के आश्वासन पर माने लोग
तहसीलदार रॉबिन जैन और नायब तहसीलदार रघुनंदन चतुर्वेदी मौके पर पहुंचे। नायब तहसीलदार ने क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने खुद जलभराव वाले क्षेत्र में जाकर समस्या की गंभीरता को समझा।
तहसीलदार ने नगर पालिका की टीम को बुलाया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि पानी की निकासी की समस्या का समाधान आज ही किया जाएगा। प्रशासनिक अधिकारियों के आश्वासन के बाद लोगों ने करीब आधे घंटे बाद जाम हटा दिया।