
रीवा शहर में 150 करोड़ की लागत से नया फ्लाईओवर बनाया जाएगा। यह फ्लाईओवर कॉलेज चौक से शुरू होकर संभागीय कमिश्नर आवास, कलेक्ट्रेट होते हुए ढेकहा तिराहे के आगे तक बनाया जाएगा। निर्माण के बाद ढेकहा तिराहे पर लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिलेगी और शहर का ट्रैफिक सुगम होगा।
प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण रीवा से लखनादौन राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर हादसे रोकने के लिए अंडरपास और ओवरब्रिज का निर्माण करा रहा है। इसी कड़ी में केन्द्रीय मंत्री की स्वीकृति पर रीवा शहर को 150 करोड़ का फ्लाईओवर मिला है।
रीवा विधायक की मांग पर स्वीकृति
यह फ्लाईओवर उपमुख्यमंत्री और रीवा विधायक राजेंद्र शुक्ल की मांग पर स्वीकृत किया गया। शहर में बढ़ते ट्रैफिक को देखते हुए इसकी जरूरत लंबे समय से महसूस की जा रही थी। अब इसके निर्माण से रीवा के विकास को नई दिशा मिलेगी।
जबलपुर में सबसे लंबा फ्लाईओवर बनकर तैयार
इससे पहले मध्यप्रदेश का सबसे लंबा फ्लाईओवर जबलपुर में बनकर तैयार हुआ। इसका नाम वीरांगना रानी दुर्गावती के नाम पर रखा गया है। हाल ही में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इसका लोकार्पण किया। इस मौके पर 4250 करोड़ की लागत से 174 किलोमीटर लंबी 9 सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया गया।
गडकरी बोले- अब सड़कें बेहतर
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि पहले कांग्रेस शासनकाल में मध्यप्रदेश की पहचान खराब सड़कों के लिए होती थी। लोग मजाक में कहते थे कि नागपुर से रवाना होते समय जब झटके लगने लगें तो समझना एमपी आ गया। लेकिन अब भाजपा सरकार के प्रयासों से सड़कें बेहतर हो चुकी हैं और यह विकास का क्रम आगे भी जारी रहेगा।
