
रीवा में बुधवार को पूर्व विधानसभा अध्यक्ष स्वर्गीय श्रीनिवास तिवारी की प्रतिमा का अनावरण किया गया। कई दिनों से स्थल चयन को लेकर विवाद चल रहा था, लेकिन अब स्थिति शांत होने के बाद प्रतिमा का अनावरण हुआ। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह सहित कांग्रेस के सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
पहले लगाई थी प्रतिमा स्थापना पर रोक
नगर निगम ने पहले जिस स्थान पर प्रतिमा स्थापित करने का काम शुरू किया था, वहां पुलिस ने रोक लगा दी थी। कांग्रेस ने इस पर आंदोलन की चेतावनी दी थी। बाद में प्रशासन ने बैकफुट पर आते हुए पहले वाले स्थान पर प्रतिमा स्थापना की अनुमति दे दी। पहले प्रतिमा को पुलिस लाइन चौक ले जाया गया था, लेकिन अंततः पेडस्टल बनाकर उसे स्थापित कर अनावरण किया गया।
कांग्रेस नेताओं ने किया संबोधित
अनावरण के बाद आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं ने अपने विचार रखे। जिला कांग्रेस कमेटी रीवा ग्रामीण अध्यक्ष राजेन्द्र शर्मा ने कहा कि प्रशासनिक बाधाएं दूर होने के बाद प्रतिमा अनावरण संभव हुआ है।
पटवारी बोले- शोषितों और वंचितों के नेता थे तिवारी
प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा- “पंडित श्रीनिवास तिवारी सर्वहारा वर्ग के नेता थे। उन्होंने दलित, शोषित, वंचित और जरूरतमंदों की आवाज को हमेशा बुलंद किया। परिस्थितियों के सामने कभी झुके नहीं। यही वजह है कि आज भी लोग उन्हें याद करते हैं।”
