
पन्ना के नयापुरवा रानीबाग में एक गर्भवती महिला और उसके अजन्मे बच्चे की मौत का मामला सामने आया है। 24 वर्षीय शोभा कुशवाहा को प्रसव पीड़ा होने पर 19 सितंबर की सुबह 8 बजे पन्ना जिला अस्पताल में एडमिट कराया गया।
अस्पताल के डॉक्टरों ने महिला को रीवा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। परिजन 108 एम्बुलेंस से रीवा के लिए निकले। नागौद पहुंचते ही शोभा की हालत बिगड़ गई। इसके बाद उसे सतना जिला अस्पताल ले जाया गया।
सतना के डॉक्टरों ने बताया कि गर्भ में पल रहे बच्चे की मौत हो चुकी है। शोभा को खून की कमी थी। इलाज शुरू किया गया, लेकिन शाम तक शोभा ने भी दम तोड़ दिया।
परिजनों का आरोप है कि पन्ना जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने समय पर सही इलाज नहीं किया। उन्हें बच्चे की मौत की जानकारी भी नहीं दी गई। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।
शोभा की शादी 9 जुलाई 2024 को हुई थी। परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए मामले की जांच की मांग की है। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी कर ली है।