सागर जिले में भावांतर योजना के तहत किसानों के पंजीयन शुरू हो गए हैं। शुक्रवार से शुरू हुई पंजीयन की प्रक्रिया 24 अक्टूबर तक चलेगी। योजना का लाभ लेने के लिए किसान एमपी ऑनलाइन और सीएससी केंद्रों के माध्यम से पंजीयन करा सकते हैं। कलेक्टर संदीप जीआर ने कहा किसानों को सोयाबीन विक्रय करने पर एमएसपी रेट 5328 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। भावांतर योजना के तहत मंडी मॉडल रेट और एमएसपी रेट के अंतर की राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में आएगी।
कलेक्टर ने निर्देश देते हुए कहा है कि योजना का गलत तरीके से लाभ लेने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। मंडियों में किसानों के लिए हेल्पडेस्क बनाएं। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त व समृद्ध बनाने के लिए भावांतर योजना प्रारंभ की गई है। जिसका फायदा सोयाबीन का उत्पादन करने वाले किसानों को मिलेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसान संगठनों और पंजीकृत व्यापारियों के साथ बैठक का आयोजन कर सभी को भावांतर योजना के फायदे व क्रियान्वयन की जानकारी दें। उन्होंने कहा कि मंडियों में किसान सोयाबीन बेचते हैं तो मंडी रेट से जो एमएसपी का रेट होगा, उसके बीच के अंतर की राशि का भुगतान सरकार द्वारा किया जाएगा।
पंजीयन 24 अक्टूबर तक होंगे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि अगर कोई बिचौलिया या अन्य व्यक्ति किसानों के हित को प्रभावित करेगा या योजना का लाभ गलत तरीके से लेने का प्रयास करेगा, उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। मंडियों में हेल्पडेस्क बनाने, योजना का व्यापाक प्रचार-प्रसार करने के भी निर्देश दिए।