पन्ना-पहाड़ीखेड़ा मार्ग पर गुरुवार, 5 अक्टूबर को एक बड़ा हादसा टल गया। अजयगढ़ से पहाड़ीखेरा होते हुए पन्ना आ रही सिल्वर बस सर्विस की एक यात्री बस सामने से आ रहे वाहन को साइड देते समय सड़क किनारे बने गड्ढे में उतर गई। गनीमत रही कि बस पलटने से बाल-बाल बच गई और सभी यात्री सुरक्षित रहे।
यह घटना पुरुषोत्तम के पास हुई। बस क्रमांक MP 35 P-0355 थी। घटना के बाद बस में सवार यात्रियों, जिनमें महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग शामिल थे, उनमें अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, सभी को एक-एक करके बस से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
गड्ढे की गहराई का अंदाजा नहीं लगा
बस चालक लाल सिंह ने बताया कि सड़क किनारे बने गड्ढे में बारिश का पानी भरा हुआ था। इससे गड्ढे की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाया। इस घटना में किसी के हताहत होने की कोई जानकारी नहीं है।
रास्ते पर नहीं सूचनात्मक बोर्ड
उल्लेखनीय है कि पन्ना-पहाड़ीखेड़ा मार्ग पर पन्ना-ललितपुर-सिंगरौली रेल लाइन का निर्माण कार्य चल रहा है। इस कारण सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं और सूचनात्मक बोर्ड भी नहीं लगे हैं, जिससे आए दिन हादसे होते रहते हैं।