रीवा जिले के मनगवां थाना क्षेत्र स्थित सैकड़ों वर्ष पुराने मुढुलियान बूढ़ी माता मंदिर में अज्ञात असामाजिक तत्वों ने धार्मिक आस्था को ठेस पहुंचाते हुए माता, नंदी, हनुमान, गणेश समेत कई मूर्तियों को खंडित कर दिया।
रविवार सुबह जब ग्रामीण मंदिर पहुंचे तो उन्हें मूर्तियां टूटी और बिखरी अवस्था में मिलीं। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में लोग मंदिर परिसर में एकत्र हो गए।
विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंचे, जिन्होंने इसे हिंदू आस्था पर हमला बताते हुए पुलिस से तत्काल कार्रवाई की मांग की। बताया जा रहा है कि जिले में मूर्ति तोड़े जाने की यह पांचवीं घटना है। इससे पहले भी दो बार हनुमान और दो बार देवी की मूर्तियां खंडित की जा चुकी हैं।
ग्रामीणों ने बताया- सुबह पहुंचे तो टूटी मिलीं मूर्तियां
जानकारी के मुताबिक, रविवार सुबह कुछ ग्रामीण बूढ़ी माता मंदिर पहुंचे तो देखा कि देवी-देवताओं की प्रतिमाएं खंडित कर मंदिर परिसर के आसपास फेंकी गई हैं। यह मंदिर ग्रामीणों की कुलदेवी के रूप में पूजित है, जहां प्रतिदिन श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए आते हैं।
घटना की खबर फैलते ही गांव में तनाव का माहौल बन गया। लोगों ने इसे धार्मिक भावना भड़काने की साजिश बताया। मौके पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी पहुंचे और ग्रामीणों को शांत कराया।
विहिप ने जताया आक्रोश, कहा- देवी-देवताओं का अपमान बर्दाश्त नहीं
विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारी बालकृष्ण द्विवेदी ने कहा कि यह बेहद निंदनीय कृत्य है। हिंदुओं की आस्था से जुड़ी मूर्तियों को तोड़ना केवल तोड़फोड़ नहीं, बल्कि समाज को उकसाने की कोशिश है। हम मांग करते हैं कि पुलिस जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करे, वरना विरोध तेज किया जाएगा।
पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं
रीवा जिले में बीते एक वर्ष में मूर्तियां खंडित करने की यह पांचवीं घटना है। इससे पहले भी दो बार हनुमान मंदिर और दो बार देवी मंदिर में प्रतिमाएं खंडित की जा चुकी हैं। लगातार हो रही घटनाओं से लोगों में असुरक्षा और गुस्सा दोनों है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच शुरू
मामले की सूचना मिलते ही मनगवां पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम को बुलाया। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय इनपुट के आधार पर जल्द आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।