रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा ने त्योंथर विधानसभा के ग्रामों अमिलकोनी, चिल्लाकला, पनासी, पटहट, 12 नंबर बस्ती सोहरवा और घुसरूम का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने मुसहर समाज के लोगों से मुलाकात कर उनके बच्चों की शिक्षा को लेकर विशेष पहल की।
यह 15 दिनों में तीसरी बार है जब सांसद मिश्रा मुसहर समाज के बीच पहुंचे। पहली बार उन्होंने बच्चों को नहलाकर स्वच्छता का संदेश दिया था, दूसरी बार एक परिवार की झोपड़ी में जाकर उनकी समस्याएं सुनीं और अब तीसरी बार उन्होंने बच्चों के स्कूल में दाखिला कराने की जिम्मेदारी खुद उठाई।
घुसरूम गांव में सांसद ने दो बच्चों के अभिभावकों से मुलाकात की और उन्हें विद्यालय भेजने के लिए तैयार किया। उन्होंने जनपद सदस्य वेद प्रकाश तिवारी, समाजसेवी विजय कुशवाहा और सरपंच घुसरूम को निर्देश दिए कि दोनों बच्चों का अगले ही दिन स्कूल में प्रवेश सुनिश्चित किया जाए।
सांसद मिश्रा ने कहा मुसहर समाज आज भी शिक्षा से वंचित है। यदि उन्हें समाज की मुख्यधारा में लाना है तो शिक्षा को ही सबसे बड़ी प्राथमिकता देनी होगी। शिक्षा ही अमीर और गरीब के बीच की खाई को पाट सकती है।
उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से भी अपील की कि वे इस समाज के उत्थान के लिए सतत प्रयास करें, ताकि यह समाज अपने मूल स्वरूप और सम्मान के साथ आगे बढ़ सके। सांसद ने कहा कि सरकार की योजनाएं तभी प्रभावी होंगी जब लोग स्थाई निवास बनाकर बच्चों को शिक्षा से जोड़ेंगे और जागरूक रहेंगे।

