दमोह में मिलावटी होने की आशंका में खाद्य विभाग ने सोमवार दोपहर करीब 3 बजे 10 क्विंटल मावा जब्त किया। खाद्य विभाग के डीओ राकेश अहिरवाल ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि टीकमगढ़ से एक बस से बड़ी मात्रा में संदिग्ध मावा परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर सरस्वती स्कूल के पास बस को रुकवा कर उसकी जांच की गई। इस दौरान बस की छत पर कई बोरियों में सफेद मावा रखा मिला, जो प्रथम दृष्टया देखने पर ही मिलावटी लग रहा था। डीओ अहिरवाल ने तत्काल पूरे 10 क्विंटल मावे को जब्त कर लिया है।
मिलावट पाए जाने पर होगी कड़ी कार्रवाई
डीओ अहिरवाल ने बताया कि यह मावा टीकमगढ़ से दमोह होते हुए पाटन जा रहा था। अभी यह जानकारी नहीं मिली है कि यह मावा किसका है और पाटन के अलावा यह और किन-किन जगहों पर भेजा जाना था।अब खाद्य सुरक्षा अधिकारी आगे की कार्रवाई कर रही हैं। मावे का सैंपल जांच के लिए भेजा जाएगा। यदि जांच में मावा दूषित या मिलावटी पाया जाता है तो इसके परिवहन में शामिल लोगों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा अधिनियम की धाराओं के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि कोई व्यक्ति मावे का बिल प्रस्तुत नहीं करता है या सामने नहीं आता है तो बस चालक पर कार्रवाई की जाएगी और यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि यह मावा किसके द्वारा भेजा गया था और इसका अंतिम गंतव्य क्या था।