दमोह जिले के जबेरा विधानसभा क्षेत्र के दोनी गांव में पुरातात्विक खुदाई के दौरान पुरावशेष मिले हैं। मंगलवार को भगवान विष्णु और गजराज की प्रतिमा मिली। इससे पहले भी कई देवी-देवताओं की प्रतिमाएं प्राप्त हुई हैं। जो कल्चुरी कालीन शिव मंदिर का हिस्सा मानी जा रही हैं।
यह कार्य स्थानीय विधायक धर्मेंद्र सिंह लोधी, जो संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास व धर्मस्व विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) भी हैं, के निर्देश पर शुरू किया गया था। संचालनालय पुरातत्व अभिलेखागार व संग्रहालय भोपाल की आयुक्त उर्मिला शुक्ला के निर्देशन में, उपसंचालक पीसी महोबिया (ग्वालियर) की ओर से मढ़ा क्रमांक 1 की मलबा सफाई की जा रही है।
खुदाई के दौरान कल्चुरी कालीन कला के पुरावशेष सामने आए
प्रभारी उपयंत्री और साइट इंचार्ज सपन साहू ने बताया कि खुदाई के दौरान कल्चुरी कालीन स्थापत्य कला के विशिष्ट पुरावशेष सामने आए हैं। इस टीले से ब्रह्मा, विष्णु, शिव, उमा-महेश्वर, पार्वती, अर्धनारीश्वर, वायुदेव, गज अप्सरा और नायिका जैसी उत्कृष्ट प्रतिमाएं मिली हैं। प्राप्त सभी पुरावशेष लगभग 10वीं-11वीं शताब्दी में निर्मित एक शिव मंदिर के प्रतीत होते हैं, जो इस क्षेत्र की समृद्ध पुरातात्विक विरासत को दर्शाता है।
दमोह के दोनी- आलोनी गांव पुरातात्विक धरोहर के लिए काफी चर्चित हैं। यहां पर पहले भी अनेक प्राचीन प्रतिमाएं खुदाई के दौरान मिल चुकी हैं। यह पूरा क्षेत्र पुरातत्व विभाग के अधीन है और यहां की ज्यादातर प्रतिमाओं को दमोह के संग्रहालय में स्थापित किया गया है।
