सानौधा थाना पुलिस ने दमोह से सागर लाई जा रही अवैध शराब से भरी लग्जरी कार पकड़ी है। कार से 35 पेटी पावर स्ट्रांग व्हिस्की बरामद की गई है। पुलिस ने कार और शराब जब्त कर ली है, जबकि चालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। मामला आबकारी एक्ट के तहत दर्ज कर जांच शुरू की गई है।
पुलिस के अनुसार, सूचना मिली थी कि दमोह से सागर की ओर सफेद स्कॉर्पियो (MP 20 CE 7674) अवैध शराब लेकर आ रही है। सूचना के बाद पुलिस टीम गठित कर ग्राम साजली के पास नाकाबंदी की गई। चेकिंग के दौरान मुखबिर द्वारा बताई गई स्कॉर्पियो नजर आई। पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक तेज रफ्तार से भाग निकला।
डिवाइडर से टकराई कार, चालक फरार
कुछ दूर भागने के बाद स्कॉर्पियो डिवाइडर से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई, जिसके बाद चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर तलाशी ली तो उसमें से 35 पेटी पावर स्ट्रांग व्हिस्की मिली।
2.10 लाख रुपए की शराब जब्त
सानौधा थाना प्रभारी भरत सिंह ठाकुर ने बताया कि जब्त की गई शराब की कीमत करीब 2.10 लाख रुपए है। आरोपी चालक के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि शराब कहां से लाई गई थी और सागर में किसे सप्लाई की जानी थी।