सागर शहर के रहली वार्ड नंबर 15 में स्थित महादेव वेयरहाउस परिसर में बुधवार रात करीब 5 फीट लंबा मगरमच्छ देखा गया। आसपास के लोगों ने उसे देख आफरा-तफरी मचाई और तुरंत वन विभाग को सूचना दी।
वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कटीली झाड़ियों में छिपे मगरमच्छ को पकड़ने का प्रयास किया। मगरमच्छ भागने की कोशिश कर रहा था। स्थानीय लोगों की मदद से वन विभाग की टीम ने काफी मशक्कत के बाद उसे पकड़ लिया।
मगरमच्छ को सुरक्षित स्थान पर छोड़ा
रेस्क्यू किए गए मगरमच्छ की लंबाई लगभग 5 फीट थी और यह मादा थी। वन विभाग की टीम ने उसे कर्बला घाट के ऊपर क्षेत्र में सुरक्षित जगह पर छोड़ दिया।
दक्षिण वन मंडल की टीम में डिप्टी कुंअर प्रताप सिंह, अखिलेश श्रीवास्तव, जगमोहन दुबे और प्रीतम लोधी शामिल थे। वन विभाग ने रेस्क्यू की सफलता पर संतोष जताया और स्थानीय लोगों को वन्यजीवों के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी।