रीवा संभाग के सबसे बड़े संजय गांधी अस्पताल (SGMH) में एक डॉक्टर द्वारा शराब के नशे में हंगामा करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि मेडिसिन विभाग के नर्सिंग ऑफिसर डॉ. विवेक ने गुरुवार रात को नशे में धुत होकर वॉर्ड में जमकर उत्पात मचाया और खुद को एक कमरे में बंद कर लिया। अन्य डॉक्टरों की शिकायत पर अस्पताल प्रबंधन ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है।
दूसरे डॉक्टरों ने लिखकर की थी शिकायत
घटना गुरुवार रात की है, जब मेडिसिन विभाग के वॉर्ड नंबर 4 में मरीज अपना इलाज करा रहे थे। इसी दौरान डॉ. विवेक ने नशे की हालत में हंगामा शुरू कर दिया, जिससे सभी हैरान रह गए। परेशान होकर वॉर्ड के अन्य डॉक्टरों ने प्रबंधन से इसकी लिखित शिकायत की।
अस्पताल प्रबंधन ने खुद पुलिस को बुलाया
शिकायत मिलने पर अस्पताल प्रबंधन ने मामले को दबाने की बजाय खुद एक्शन लिया। CMO डॉ. यत्नेश त्रिपाठी ने बताया, “शिकायत के बाद सिक्योरिटी गार्ड्स को मौके पर भेजा गया, जिन्होंने डॉक्टर को पकड़कर बाहर निकाला। इसके बाद हमने खुद पुलिस को सूचना दी।”
CMO बोले- यह अनुशासनहीनता, होगी कार्रवाई
CMO डॉ. यत्नेश त्रिपाठी ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा, “यह बात सही है कि वो उत्पात मचा रहे थे। उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया है और रिपोर्ट पुलिस को सौंप दी गई है। इस तरह का असंवेदनशील कृत्य अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है। इस पर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और उच्च अधिकारियों को भी सूचित कर दिया गया है।”
अस्पताल प्रबंधन की सूचना पर पुलिस ने आरोपी डॉक्टर को संजय गांधी अस्पताल चौकी में रखा है। पुलिस अस्पताल प्रबंधन और अन्य डॉक्टरों के बयानों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
