पन्ना जिले के अमानगंज थाना क्षेत्र में एक मिनी स्कूल बस बेकाबू होकर पलट गई। रामनगर के पास हुए इस हादसे में करीब 6 स्कूली छात्र घायल हो गए। घायलों को डायल 112 की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमानगंज में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलने पर अमानगंज थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया।
यह घटना शुक्रवार को सुबह 10 से 10:30 बजे के बीच हुई। सरस्वती गायत्री मंदिर विद्यालय झरकुआ की मिनी बस (क्रमांक-एमपी-16, पी-0138) बांधी, बर्बसपुरा, भानपुर और भररपुर से छात्र-छात्राओं को लेकर झरकुआ स्थित स्कूल जा रही थी। रामनगर के पास बनी पुलिया पर बस अचानक बेकाबू होकर पलट गई। बस में लगभग 30 छात्र-छात्राएं सवार थे।
बस में सवार छात्रा शालिनी रजक ने बताया कि बस रोज की तरह बच्चों को स्कूल ले जा रही थी, तभी पुलिया पर यह हादसा हुआ। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सभी घायलों का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमानगंज में जारी है।
चालक मौके से फरार
थाना प्रभारी रवि जादौन ने बताया कि सरस्वती गायत्री मंदिर विद्यालय झरकुआ बस रामनगर के पास पलट गई। इस घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने बच्चों को पलटी पड़ी बस से बाहर निकाला। वहीं बस चालक मौके से फरार हो गया।
घायल बच्चों के नाम
इस हादसे में पारस साहू (10 वर्ष, निवासी बंधिकाला), पवन ढीमर (12 वर्ष, निवासी बर्बसपुरा), महेंद्र साहू (7 वर्ष, निवासी बंधिकाला), अमित वंशकार (13 वर्ष, निवासी बर्बसपुरा), आयुषी अहिरवार (11 वर्ष, निवासी बर्बसपुरा), अमित रजक (7 वर्ष, निवासी बर्बसपुरा) और शिक्षक अशोक अहिरवार (31 वर्ष, निवासी झरकुआ) घायल हुए हैं।

