अगर आप अक्सर ट्रेन में सफर करते हैं और स्टेशन से पानी खरीदते हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। जबलपुर रेलवे स्टेशन पर अवैध वेंडर रेल नीर की खाली बोतलों में नलों का गंदा पानी भरकर 20-20 रुपए में यात्रियों को बेच रहे हैं। सोशल मीडिया पर इसका वीडियो सामने आने के बाद रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने संज्ञान लिया है और कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
वायरल वीडियो में खुलासा
वीडियो 25 सेकेंड का है, जिसमें एक अन्य युवक गंदगी के पास से बोतलों में पानी भरते हुए नजर आता है। जब मौजूद यात्री ने इसका वीडियो बनाया तो युवक मौके से भाग गया।
गंदगी के बीच नलों से भरकर बेचा जा रहा
रेल नीर भारतीय रेलवे का पैकेज्ड पेयजल ब्रांड है, जिसे आईआरसीटीसी ने 2003 में शुरू किया था। इसका उद्देश्य यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित और मानक गुणवत्ता का पानी उपलब्ध कराना था, ताकि घटिया क्वालिटी के पानी से होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं से बचा जा सके। लेकिन वीडियो के अनुसार अब वही पानी, जो यात्रियों के लिए सुरक्षित होना चाहिए था, गंदगी के बीच नलों से भरकर बेचा जा रहा है।
वीडियो के बाद आरपीएफ ने संज्ञान लिया
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद आरपीएफ ने संज्ञान लिया है। रेलवे ने आश्वासन दिया है कि ऐसे वेंडरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वर्तमान में रेलवे स्टेशन पर लगातार निगरानी बढ़ाई गई है।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि पैकेज्ड पानी की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्राथमिक जिम्मेदारी है, और यात्रियों को मानक गुणवत्ता का पानी उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।