सागर जिले के मोतीनगर थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक बगैर मुंडेर के कुएं में डूबने से 10वीं के छात्र की मौत हो गई। छात्र स्कूल जाने का कहकर घर से निकला था, लेकिन अपने दो दोस्तों के साथ नहाने के लिए कुएं पर पहुंच गया। नहाते समय वह गहरे पानी में डूब गया। सूचना पर पहुंची SDRF की टीम ने देर रात तक सर्चिंग की, लेकिन अंधेरा होने के कारण सर्चिंग में काफी दिक्कतें आई। हालांकि देर रात शव बरामद कर लिया गया। शुक्रवार को पुलिस ने पंचनामा बनाकर शव का पोस्टमार्टम कराया है। मर्ग कायम कर मोतीनगर पुलिस ने जांच में लिया है।
पुलिस के अनुसार, रजौआ गांव का रहने वाला लेखराज पिता हेमराज पटेल (17) कक्षा 10वीं का छात्र था। वह गुरुवार को अपने दो दोस्तों के साथ स्कूल जाने का बोलकर घर से निकला था, लेकिन तीनों स्कूल नहीं गए। वे बदौना गांव के पास बने करीब 25 फीट गहरे कुएं में नहाने चले गए। नहाते समय लेखराज गहरे पानी में चला गया और डूब गया।
दोस्तों ने मचाया शोर, ग्रामीणों को बुलाया
लेखराज को डूबता देख उसके दोस्त घबरा गए और उन्होंने शोर मचाकर आसपास के ग्रामीणों को सूचना दी। जब तक ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तब तक छात्र पानी में पूरी तरह समा चुका था। इसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई।
देर रात तक चली सर्चिंग, अंधेरे के कारण हुई परेशानी
घटना की सूचना पर मोतीनगर थाना प्रभारी जसवंत सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत SDERF की टीम को बुलाया। SDERF की टीम ने कुएं में छात्र की तलाश के लिए सर्चिंग ऑपरेशन चलाया, लेकिन कुएं में पानी ज्यादा होने और अंधेरा हो जाने के कारण देर रात तक सर्चिंग चलती रही। इसी बीच छात्र का शव मिल गया। जिसे पानी से बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया।