दमोह पुलिस ने 29 साल से फरार चल रहे आजीवन कारावास के एक वारंटी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस अधीक्षक श्रुत कीर्ति सोमवंशी के निर्देशों पर कोतवाली पुलिस ने यह कार्रवाई की।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान नासिर उर्फ निन्नी पिता रसीद खां (53 वर्ष, निवासी सिविल वार्ड दमोह) के रूप में हुई है। उसे सत्र प्रकरण क्र. 228/1989 के तहत धारा 396 और 449 भा.दं.वि. में दोषी पाया गया था। माननीय न्यायालय पंचम अतिरिक्त न्यायाधीश जबलपुर ने 20 सितंबर 1994 को उसे आजीवन कारावास और 1000 रुपए के अर्थदंड की सजा सुनाई थी।
1996 से अब तक था फरार
यह वारंटी 27 नवंबर 1996 को भोपाल में अन्य लंबित प्रकरणों में पेशी से वापस आते समय पुलिस बल की अभिरक्षा से फरार हो गया था। तब से वह लगातार पुलिस की पकड़ से बाहर था।
कोतवाली पुलिस की विशेष टीम ने फरार वारंटी नासिर उर्फ निन्नी को गिरफ्तार किया। उसके विरुद्ध माननीय न्यायालय पंचम अपर सत्र न्यायाधीश जबलपुर के प्रकरण क्र. एमजेसीआर 1500009/1996 में गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था। गिरफ्तार किए गए वारंटी को अब जबलपुर न्यायालय में पेश किया जाएगा।
इस सराहनीय कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली मनीष कुमार, प्रधान आरक्षक कल्याण सिंह (93), आरक्षक दरबारी (752), आरक्षक ओमप्रकाश रैकवार (564), और आरक्षक कृष्णकांत व्यास (205) की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।