पन्ना जिले के अजयगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत बगराजन देवी मंदिर के पास ससुराल आए 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई। पुलिस ने जहरीले पदार्थ के सेवन से मौत की आशंका जताई है। घटना के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।
मृतक की पहचान धर्मेंद्र कुशवाह (35) निवासी खाई पर, बांदा (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है, जो खेती-किसानी का काम करता था। उसके पिता तुलसीदास कुशवाहा ने बताया कि धर्मेंद्र अपनी रूठी हुई पत्नी उमा कुशवाहा को लेने अजयगढ़ आया था। उमा लगभग 20 दिन पहले किसी विवाद के बाद अपने मायके आ गई थी। धर्मेंद्र और उमा के दो बच्चे हैं, ऋषि (8) और रितिक (3)।
तुलसीदास कुशवाहा के अनुसार सोमवार को दोपहर करीब 12:30 बजे धर्मेंद्र ने उन्हें फोन कर बताया था कि वह पत्नी को लेने अजयगढ़ जा रहा है। शाम को उन्हें सूचना मिली कि धर्मेंद्र ने जहर खा लिया है।
उसे अजयगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर हालत में उसे पन्ना जिला अस्पताल रेफर किया गया। हालांकि, रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बेटे ने फोन लगाकर मांगी थी मदद
मृतक के पिता तुलसीदास कुशवाहा ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि घटना से पहले धर्मेंद्र ने उन्हें फोन कर मदद मांगी थी और कहा था, “बचा लो, ससुराल वाले मार रहे हैं।” यह सुनकर परिवार के लोग तुरंत अजयगढ़ के लिए रवाना हुए थे।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मामले में पंचनामा कार्रवाई पूरी कर ली है और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। पुलिस ने हर एंगल से मामले की जांच शुरू कर दी है।
