दमोह जिले के हटा ब्लॉक स्थित मडियादो और मादो गांव में मंगलवार सुबह से दोपहर तक एक पागल कुत्ते ने तीन बच्चों सहित छह लोगों को काट लिया। सभी घायलों को मडियादो स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
इस घटना के बाद से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है, क्योंकि कुत्ता अभी भी गांव में घूम रहा है। जानकारी के अनुसार, कुत्ते ने पहले मादो गांव में कैलाश कुशवाहा (10), कमल कुशवाहा के बेटे तखत और सार्थक लोधी (5) को काटा। इसके बाद, कुत्ता दो किलोमीटर दूर मडियादो गांव पहुंचा और वहां विजय पाठक (65) और विक्की अग्रवाल (32) को काट लिया। मादो गांव में एक महिला पर भी कुत्ते ने हमला किया। हालांकि वह अभी अस्पताल नहीं पहुंची हैं।
सभी घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मडियादो में प्राथमिक इलाज दिया गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल इस कुत्ते को पकड़ने या गांव से हटाने की मांग की है, ताकि वे सुरक्षित महसूस कर सकें। पंचायत सचिव धुन सिंह ने बताया कि कुत्ते को खोजने का प्रयास किया जा रहा है ताकि उसे गांव से दूर भगाया जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि पंचायत के पास ऐसे संसाधन नहीं हैं जिससे कुत्ते को पकड़ा जा सके।