टीकमगढ़ कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत अस्तोन में एक जमीनी विवाद का मामला सामने आया है। मंगलवार को ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। एक पक्ष ने दूसरे पर झूठी शिकायतें दर्ज कराने और जमीन पर जबरन कब्जा करने का आरोप लगाया है।
किसान सत्येंद्र सिंह ने अपनी शिकायत में बताया कि मेहरबान लोधी, रामप्यारी लोधी, जितेंद्र लोधी, तिलक लोधी, अज्जू लोधी और नारायण लोधी सहित अन्य लोग उनकी जमीन पर जबरन कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ये लोग उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं और उनके खिलाफ झूठी रिपोर्ट दर्ज करा दी है।
सत्येंद्र सिंह के अनुसार, यह जमीनी मामला पहले से ही एसडीएम कोर्ट और न्यायालय में चल रहा है। उन्होंने बताया कि यह जमीन उनके पिता के नाम पर है और उनका परिवार कई पीढ़ियों से इस पर खेती करता आ रहा है।
करीब एक महीने पहले मेहरबान लोधी ने उनके खिलाफ कोतवाली में तार फेंसिंग हटाने और मारपीट करने की झूठी शिकायत दर्ज कराई थी। सत्येंद्र सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि सोशल मीडिया पर भी जातिगत द्वेष फैलाकर समाज को बांटने और जमीनी विवाद को जातिगत लड़ाई का रूप देकर सामाजिक माहौल खराब करने की कोशिश की जा रही है।
इस पूरे मामले के विरोध में सत्येंद्र सिंह ने ग्रामीणों के साथ एसपी दफ्तर पहुंचकर जनसुनवाई में पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है।