टीकमगढ़ में बुधवार को भाजपा ने ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘स्वदेशी संकल्प अभियान’ पर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस कार्यक्रम में छतरपुर के पूर्व विधायक उमेश शुक्ला मुख्य वक्ता के तौर पर मौजूद रहे।
उमेश शुक्ला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत ‘मेक इन इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ मिशन के माध्यम से विश्व में एक महत्वपूर्ण विनिर्माण केंद्र के रूप में उभर रहा है।
उन्होंने नागरिकों से अपने दैनिक जीवन में स्वदेशी उत्पाद अपनाने और भारतीय उद्यमियों, कारीगरों का समर्थन कर एक मजबूत आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देने की अपील की है।
पिछली सरकार की नीतियों की आलोचना की
पूर्व विधायक ने ऐतिहासिक रूप से भारत में व्यापार व्यवसाय के समृद्ध होने का उल्लेख किया। उन्होंने पिछली सरकारों की लाइसेंस, कोटा और परमिट जैसी नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि इनसे देश की मुद्रा का अवमूल्यन हुआ और शासकीय हस्तक्षेप के दुष्परिणाम सामने आए।
2047 तक देश को पूरी तरह से आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प
शुक्ला ने बताया कि प्रधानमंत्री ने 2047 तक देश को पूरी तरह से आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प लिया है। इस अभियान को सफल बनाने के लिए स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देना बेहद आवश्यक है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में जीएसटी सुधारों (GST Reforms) पर भी जानकारी दी गई। पूर्व विधायक ने कहा कि गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को ध्यान में रखते हुए सरकार ने दैनिक उपयोग की वस्तुओं पर जीएसटी घटाने का फैसला किया है। इससे खाने-पीने की चीजों के साथ-साथ जीवन रक्षक दवाइयों और कई अन्य उपयोगी सामानों के दाम कम हुए हैं।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष सरोज राजपूत, पूर्व विधायक राकेश गिरी गोस्वामी, कार्यक्रम प्रभारी रोहित खटीक, मीडिया प्रभारी प्रफुल्ल द्विवेदी, स्वप्निल तिवारी सहित कई भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।