दमोह जिले के नोहटा थाना क्षेत्र के घाघरी गांव में एक 70 साल के बुजुर्ग का शव खेत के पास बने तालाब में मिला है। परिजन ने हत्या की आशंका जताई है, जिसके बाद पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक जगत सिंह लोधी (70) है। उनकी नातिन सुनीता लोधी ने बताया कि उनके दादा खेत में धान की रखवाली करने गए थे और रात वहीं रुकते थे। सुनीता सुबह जब नाश्ता लेकर खेत पहुंचीं तो दादा वहां नहीं मिले। मौके पर उनके चाचा के बेटे सुरेंद्र झलकन और मौसी के बेटे दुर्गेश मौजूद थे, जिन्होंने बताया कि दादा नहीं मिल रहे हैं। परिजन ने आसपास खोजबीन की तो खेत से कुछ दूरी पर उनके कपड़े, लाठी और टॉर्च मिली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने दोपहर में गुमशुदगी दर्ज की। शाम को एसडीआरएफ की टीम ने तालाब में खोजबीन की, लेकिन शव नहीं मिला। अगले दिन खोजबीन के बाद बुजुर्ग का शव तालाब से बरामद हुआ। नातिन सुनीता ने आशंका जताई है कि उनके दादा की हत्या की गई है।
नोहटा थाना प्रभारी अभिषेक पटेल ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है और जांच जारी है। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।
