सागर के केंद्रीय जेल में 9 साल के लंबे अंतराल के बाद जेल प्रहरियों का प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हुआ है। केंद्रीय जेल सागर में आयोजित प्रहरियों के प्रशिक्षण में शामिल होने के लिए बुधवार को महानिदेशक जेल डॉ. वरुण कपूर पहुंचे। वे केंद्रीय जेल परिसर में पहुंचे। जहां उनका जेल अधीक्षक समेत अन्य ने उनका स्वागत किया। जेल प्रहरियों ने सलामी दी।
जिसके बाद डीजी जेल डॉ. कपूर प्रशिक्षण में शामिल हुए। डीजी जेल डॉ. कपूर ने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह प्रशिक्षण न केवल आपके कौशल को बढ़ाएगा, बल्कि आपको अपने दायित्वों को ईमानदारी और अनुशासन के साथ निभाने की प्रेरणा भी देगा। जेल प्रहरी भविष्य में जेल प्रशासन की रीढ़ साबित होंगे, इसलिए उनका प्रशिक्षण व्यावहारिक, अनुभव और अनुशासन पर आधारित होना जरूरी है।
प्रशिक्षण के बाद उन्होंने जेल परिसर का निरीक्षण किया। जेल में बंद कैदियों से चर्चा कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। डीजी जेल डॉ. कपूर ने बताया कि साल 2016 के बाद अब 2025 में पहली बार केंद्रीय जेल सागर में प्रहरियों का प्रशिक्षण शुरू हुआ है। पहले जेल प्रहरियों को बीएसएफ जैसे बाहरी प्रशिक्षण संस्थानों में भेजा जाता था। लेकिन अब उन्हें विभाग के भीतर ही प्रशिक्षण दिया जा रहा है। कार्यक्रम में जेल अधिकारी, प्रशिक्षक दल और कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।