जबलपुर के आधारताल क्षेत्र के मुख्य चौराहे पर गुरुवार सुबह एक होटल में अचानक आग लग गई। आग लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कुछ ही देर में जोरदार ब्लास्ट हुआ, जिससे आसपास के लोग घबरा गए।
बताया जा रहा है कि यह ब्लास्ट गैस सिलेंडर फटने की वजह से हुआ, जिसके बाद आग और फैल गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है।
खाना बनाते वक्त हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, आधारताल चौराहे के पास स्थित कन्हैया होटल में यह हादसा हुआ। सुबह होटल संचालक जब खाना बना रहा था, तभी गैस सिलेंडर में अचानक आग लग गई और कुछ ही पलों में विस्फोट हो गया।
दमकल विभाग के अनुसार, सुबह करीब 8 बजे आग लगने की सूचना मिली। तुरंत टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। फायरकर्मियों के अनुसार, यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो पास की दुकानों तक भी आग फैल सकती थी। घटना के समय आधारताल थाना पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई थी और ट्रैफिक कंट्रोल में लगी रही।