पन्ना के गुन्नौर में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के बाद एक महिला पुष्पा श्रीवास्तव (42) की इलाज के दौरान मौत हो गई। गुरुवार को परिजनों और स्थानीय लोगों ने महिला के शव को सड़क पर रखकर धरना प्रदर्शन किया।
उन्होंने शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मृतका को न्याय दिलाने और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की। परिजनों ने अतिक्रमण कार्रवाई में हुए नुकसान के मुआवजे की भी मांग की है।
सूचना मिलने पर गुन्नौर थाना प्रभारी माधवी अग्निहोत्री मौके पर पहुंचीं और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। नगर में स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस प्रशासन परिजनों से बातचीत कर रहा है।
महिला के घर और दुकानों पर कार्रवाई हुई थी
परिजनों का आरोप है कि कुछ दिन पहले नगर परिषद की ओर से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई थी। इस दौरान महिला के घर और दुकानों पर कार्रवाई हुई थी, जिससे उन्हें गहरा मानसिक आघात लगा था। इसी सदमे के कारण इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। प्रशासन फिलहाल स्थिति पर नजर बनाए हुए है और प्रदर्शन समाप्त कराने के लिए परिजनों से बातचीत जारी है।
मृतक महिला के देवर अजय श्रीवास्तव ने बताया कि 26 सितंबर को तहसीलदार रतन राशि पाण्डेय और पटवारी प्रदीप मौर्या के की ओर से अतिक्रमण कार्रवाई के दौरान धक्का-मुक्की की गई थी जिससे महिला को काफी आघात पहुंचा था फिलहाल परिजनों ने एसडीएम को अपनी मांगों को लेकर लिखित आवेदन सौंप दिया है एसडीएम ने जल्द से जल्द प्रदर्शनकारियों की मांगे पूरी करने का आश्वासन दिया जिसके बाद धरना प्रदर्शन समाप्त हुआ।