रीवा जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिविल लाइंस पुलिस ने कबाड़ी मोहल्ले में दबिश देकर एक महिला तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला के पास से व्यावसायिक मात्रा में प्रतिबंधित नशीली कफ सिरप जब्त की गई है। आरोपी महिला लंबे समय से इस अवैध कारोबार में लिप्त थी और उसके खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज हैं।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दी दबिश
नगर पुलिस अधीक्षक डॉ. रितु उपाध्याय ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कबाड़ी मोहल्ला निवासी लक्ष्मी लोनिया लंबे समय से प्रतिबंधित नशीली कफ सिरप बेचने का अवैध कारोबार कर रही है। सूचना के आधार पर सिविल लाइंस पुलिस की एक टीम ने मोहल्ले में दबिश दी।
पहले भी दर्ज हैं कई मामले
पुलिस के अनुसार, पकड़ी गई महिला एक आदतन अपराधी है और लंबे समय से नशीली कफ सिरप के अवैध व्यापार में शामिल रही है। उसके खिलाफ पहले भी सिविल लाइंस थाने में कई मामले दर्ज हैं।
न्यायालय ने भेजा जेल
पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में लेने के बाद न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि महिला यह प्रतिबंधित सिरप कहां से ला रही थी और उसके नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।