छतरपुर नगर पालिका छतरपुर द्वारा आयोजित स्वच्छ मेला जलबिहार 2025 के आठवें दिन गुरुवार शाम नगर पालिका प्रांगण में भजन संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुई।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक उमेश शुक्ला, नगर पालिका अध्यक्ष ज्योति चौरसिया, महामंत्री सुरेंद्र चौरसिया, उपाध्यक्ष विकेंद्र वाजपेयी, पार्षद, अधिकारी-कर्मचारी और मीडियाकर्मी मौजूद रहे।
भजन संध्या में गायक कलाकार दीपक अंश, बाबा शिंकू (जूनियर नरेंद्र चंचल), कामिनी ठाकुर और कंचन त्रिवेदी ने एक से बढ़कर एक भजन पेश किए। उनकी प्रस्तुतियों से पूरा सभागार भक्तिमय हो गया और दर्शकों ने तालियों के साथ उत्साह जताया।
इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष ज्योति चौरसिया ने कहा कि “मेला जलबिहार केवल मनोरंजन का मंच नहीं, बल्कि स्वच्छता और जनजागरूकता का संदेश देने वाला उत्सव है।” उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे सिंगल यूज़ प्लास्टिक और पॉलीथिन का इस्तेमाल बंद करें और कपड़े या पेपर बैग का उपयोग करें।
मेले में रंगीन झूले, मीना बाजार, चौपाटी, प्रदर्शनी, मथुरा के पेड़े, ग्वालियर की गजक और बुंदेली व्यंजन लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। पूरा मेला रोशनी और उत्साह से चमक रहा है।
कार्यक्रम की तारीख:
- 17 अक्टूबर – अखिल भारतीय कवि सम्मेलन
- 18 अक्टूबर – बुंदेली बैंड
- 19 अक्टूबर – ऑल इंडिया मुशायरा
मेले में शहर के साथ आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। हालांकि, छत्रसाल चौराहे पर अव्यवस्था और वाहनों की पार्किंग के कारण जाम की स्थिति बनी रही। ई-रिक्शा सड़कों पर खड़े रहने से आवागमन में दिक्कत हुई।