सागर की देवरी थाना पुलिस ने शुक्रवार को हत्या के मामले में फरार दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले दो सालों से फरार चल रहे थे। उनकी गिरफ्तारी के लिए एसपी ने एक-एक हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। आरोपियों को थाने लाकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने मामला 5 जून 2023 का बताया। कहा कि थाना देवरी क्षेत्र के ग्राम सुना में पैसों के लेन-देन के विवाद को लेकर आपसी रंजिश में आरोपियों ने अपने ही भाई पर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा दी थी। जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई थी।
मामले में पुलिस ने पहले हत्या का प्रयास और मौत होने पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच में लिया था। वारदात के बाद से आरोपी फरार हो गए। जिनकी तलाश में पुलिस टीमें लगाई गई। लेकिन आरोपी नहीं मिले। इसी बीच पुलिस को मुखबिर से आरोपियों के गांव आने की सूचना मिली।
जानकारी मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी बिहारी पिता रामसहाय कुर्मी उम्र 65 वर्ष निवासी ग्राम सुना और साहू साहब सिंह पिता शिवप्रसाद कुर्मी निवासी ग्राम कुसमी गिरफ्तार कर लिया। देवरी थाना प्रभारी गजेन्द्र सिंह बुंदेला ने बताया कि हत्या के फरार दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के बाद दोनों को न्यायालय पेश किया गया है।