दमोह देहात थाना क्षेत्र में शनिवार को एक डंपर चालक ने पीछा कर रहे आरक्षक अखिलेश तिवारी को डंपर से कुचलने का प्रयास किया। इस घटना में आरक्षक के पैर में चोट आई है और उनकी बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने आरोपी डंपर चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
देहात थाना टीआई रचना मिश्रा ने बताया कि आज दोपहर इमलाई चौराहा पर डंपर (क्रमांक एमपी 34 जेड डी 3346) के चालक अरविंद राजपूत ने ऑटो को टक्कर मार दी थी। टक्कर के बाद चालक मौके से भागने लगा।
आरक्षक अखिलेश तिवारी, जो उस समय ड्यूटी पर थे, उन्होंने डंपर चालक को रोकने का प्रयास किया। जब चालक नहीं रुका तो आरक्षक ने उसका पीछा करना शुरू किया। पीछा करने के दौरान डंपर चालक ने जानबूझकर आरक्षक पर डंपर चढ़ा दिया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।
घायल आरक्षक अखिलेश तिवारी को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, उनकी हालत फिलहाल स्थिर है। आवश्यकता पड़ने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज भी रेफर किया जा सकता है।
पुलिस आरोपी डंपर चालक अरविंद राजपूत से पूछताछ कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।