पन्ना के शाहनगर थाना क्षेत्र के भरवाई हार सुडौर गांव में एक खेत में आम के पेड़ से एक युवक लवकुश प्रजापति (19) का शव फांसी पर लटका मिला। वह शाहनगर निवासी विदेशी प्रजापति के बेटे थे। घटना की जानकारी शनिवार दोपहर लोगों को मिलीं।
मजदूरी करता था युवक
सूचना मिलने पर शाहनगर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने आवश्यक पंचनामा कार्यवाही पूरी कर शव को पेड़ से उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने जताई सुसाइड की आशंका
शाहनगर थाना प्रभारी मनोज यादव ने बताया कि मृतक लवकुश प्रजापति मजदूरी का काम करता था। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। फिलहाल युवक की आत्महत्या का कारण अज्ञात है।
थाना प्रभारी यादव के अनुसार, पुलिस इस मामले की हर पहलू से गहनता से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि विस्तृत विवेचना के बाद ही घटना के कारणों का खुलासा हो पाएगा।