दमोह जिले के देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत कोरासा गांव के पास मंगलवार रात एक मालवाहक ऑटो पलट गया। इस हादसे में बच्चों सहित करीब 15 लोग सवार थे, जिसमें से ऑटो चालक और एक महिला को गंभीर चोटें आई हैं, बाकी सभी को सामान्य चोट आई।
घटना स्थल के पास ही एक अन्य युवक भी गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला, जिसके सिर में चोट थी। उसे प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। युवक बेहोश होने के कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी है।
सागर जिले के तिलगुवां निवासी ऑटो चालक दिनेश अहिरवार ने बताया कि वह अपने परिवार के 15 सदस्यों के साथ बांदकपुर जागेश्वर नाथ धाम से दर्शन कर लौट रहा था। उसने दावा किया कि कोरासा गांव के पास एक युवक ने ऑटो रोकने की कोशिश की। लुटेरा होने के संदेह में उसने ऑटो नहीं रोका, जिसके बाद उस व्यक्ति ने लाठी से ऑटो का शीशा तोड़ दिया। इससे ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया और वह बेहोश हो गया।
सीएसपी एचआर पांडे ने बताया कि ऑटो चालक ने अपने बयान में हमले की बात कही है। हालांकि, पुलिस को घटना स्थल के पास ही एक गंभीर घायल युवक भी मिला है। पुलिस को संदेह है कि ऑटो चालक ने उसी युवक को टक्कर मारी होगी, जिससे ऑटो पलटा। इसके बाद चालक ने डंडा मारने की कहानी गढ़ी है।
इस मामले की सच्चाई जानने के लिए देहात थाना टीआई रचना मिश्रा को जांच के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है ताकि घटना की वास्तविक वजह सामने आ सके।
